https://www.swarnadeepreporter.blogspot.com we provide informative content like politics, national, jobs, trade, entertainment & crime hindi news
69वीं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में कृष्णा सियाग ने व्यक्तिगत और टीम इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया
अपनी मेहनत और समर्पण से तैराकी में जोधपुर का नाम रोशन किया
जोधपुर। जोधपुर की प्रतिभाशाली तैराक कृष्णा सियाग ने 69वीं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में अपनी अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ तैराक का खिताब अपने नाम किया है। कृष्णा ने इस प्रतियोगिता में तीन व्यक्तिगत स्वर्ण पदक और एक टीम स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
अमृतलाल गहलोत स्टेडियम चैनपुरा में आयोजित इस प्रतियोगिता में कृष्णा ने स्वामी केशवानंद शिक्षण संस्थान सीकर में बालिका वर्ग के 19 वर्ष आयु समूह में 50 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा, चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले में उनकी अगुवाई में मिताली चौधरी, मिशिका सोनी और प्रियंका कच्छवाहा की टीम ने भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
कृष्णा की इस सफलता पर तरणताल के वरिष्ठतम तैराक और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. बी एल जाखड़ ने कहा कि कृष्णा नियमित रूप से अपने बड़े भाई हिमांशु सियाग के साथ प्रातः कालीन और शाम के समय पांच घंटे अभ्यास करती हैं। उन्होंने बताया कि कृष्णा की मेहनत से प्रेरित होकर तरणताल से इस वर्ष एक दर्जन से अधिक तैराकों ने विभिन्न श्रेणियों में पदक प्राप्त किए हैं।
कृष्णा के पिता टीकमचंद सियाग, जो शिक्षा विभाग के उप प्राचार्य एवं विज्ञान के ज्ञाता हैं, एक कुश्ती के नामचीन खिलाड़ी भी हैं। उनकी मेहनत और परिवार का समर्थन कृष्णा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कृष्णा की इस उपलब्धि पर अमृतलाल गहलोत स्टेडियम संस्थान की कोषाध्यक्ष व स्थानीय प्रधानाचार्य निमेष चारण और स्टेडियम के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। जोधपुर जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि उनकी बेटी ने तैराकी में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है और राष्ट्रीय स्तर पर चयन की ओर कदम बढ़ाया है।








