https://www.swarnadeepreporter.blogspot.com we provide informative content like politics, national, jobs, trade, entertainment & crime hindi news
1090 से अधिक जवानों ने निकाली तिरंगा यात्रा, ऊँट व घोड़ा दस्ता रहा आकर्षण का केंद्र
महानिरीक्षक एम.एल. गर्ग ने किया अभियान का शुभारंभ
जोधपुर। सहायक प्रशिक्षण केंद्र, सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा आज जोधपुर में एक भव्य तिरंगा अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में सहायक प्रशिक्षण केंद्र और सीमांत मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल, राजस्थान के 1090 से अधिक अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, अन्य कार्मिकों और प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
एम.एल गर्ग, महानिरीक्षक, सहायक प्रशिक्षण केंद्र और देवेन्द्र सिंह, कमांडेंट (मुख्य अनुदेशक), सहायक प्रशिक्षण केंद्र जोधपुर ने संयुक्त रूप से इस तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत झंडा दिखाकर की गई। इस अभियान का मुख्य आकर्षण केंद्र ऊँट दस्ता और घोड़ा दस्ता रहे, जिन्होंने इस राष्ट्रीय पर्व को और भी यादगार बना दिया। तिरंगे को देखकर आम जनता भी अभिभूत हुई और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
इस अवसर पर एम एल गर्ग, महानिरीक्षक महोदय ने बताया कि पिछले कई वर्षों से सीमा सुरक्षा बल द्वारा तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की जनता के साथ मिलकर इस पर्व को मनाने का एक तरीका है। गर्ग ने यह भी बताया कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश को एक सूत्र में बांधता है और हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सीमा सुरक्षा बल के नए प्रशिक्षुओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है, जो आगे चलकर देश की सीमाओं की रक्षा करेंगे।
यह तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का एक शानदार प्रदर्शन था, जिसने सभी सहभागियों और दर्शकों के दिलों में देश प्रेम की भावना को और गहरा किया।

