https://www.swarnadeepreporter.blogspot.com we provide informative content like politics, national, jobs, trade, entertainment & crime hindi news
जोधपुर मंडल के 125 स्टेशनों पर शुरू हुई डिजिटल पेमेंट सुविधा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
नगद भुगतान की परेशानी से मुक्ति, 100% लक्ष्य पूरा करने में उत्तर पश्चिम रेलवे अव्वल
जोधपुर। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक और बड़ी सुविधा शुरू की है। जोधपुर मंडल के सभी 125 रेलवे स्टेशनों पर अब टिकट खिड़कियों पर QR कोड से डिजिटल पेमेंट की सुविधा शुरू हो गई है। इससे यात्रियों को नगद लेन-देन की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और टिकट खरीदने की प्रक्रिया और भी आसान हो जाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि "भारतीय रेलवे डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस कड़ी में UTs और रिजर्वेशन काउंटरों पर QR कोड डिवाइस लगाए गए हैं।" उन्होंने आगे बताया कि यह पहल आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे टिकट, पार्सल, रिटायरिंग रूम, माल आदि के लिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा सुनिश्चित हो रही है।
वरिष्ठ डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि जोधपुर मंडल के 125 स्टेशनों पर 162 डायनामिक QR कोड लगाए गए हैं, जिसमें जोधपुर के 10 QR डिवाइस शामिल हैं। जोधपुर रिजर्वेशन ऑफिस में 5 डिवाइस लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को ऑनलाइन पेमेंट करने में आसानी होगी। खानपान इकाइयों पर भी QR कोड से पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यात्री अब Paytm, Google Pay और PhonePe जैसे प्रमुख UPI मोड से QR कोड स्कैन करके टिकटों का भुगतान कर सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि खुल्ले पैसे की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। खेड़ा ने बताया कि रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड:
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशन में, बुकिंग खिड़कियों पर डायनामिक QR कोड लगाने का काम पूरे भारतीय रेलवे में सबसे पहले 100% पूरा किया गया है।
QR कोड स्कैन से टिकट बनाने के लाभ:
* यह सुविधा पूर्णतः कैशलेस है।
* यात्रियों को खुल्ले पैसे की चिंता नहीं होगी।
* टिकट की राशि स्वतः ही प्रदर्शित होगी।
* यात्री को टिकट की पूरी जानकारी मोबाइल पर मिलेगी।
* पारदर्शिता बढ़ेगी, टिकट बनाने वाले कर्मचारी का नाम भी दर्ज होगा।

