युवराज शिवराज सिंह ने दिखाई झंडी, इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन और जोधपुर नाइट्स क्लब ने किया आयोजन, दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील
महाराजा गजसिंह ने कहा- हेलमेट सिर की चोट से बचाता है, जोधपुर नाइट्स क्लब के विशांत सिंघवी और प्रवीण शर्मा ने भी सड़क सुरक्षा पर दिया जोर, ट्रैफिक पुलिस ने की रैली की व्यवस्था
जोधपुर। सड़क सुरक्षा व जागरूकता के लिए युवराज शिवराज सिंह के 50 वें जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रातः 10:00 बजे इंडियन हेड इंजरी फाऊंडेशन, जोधपुर नाइट्स क्लब व मांजी श्री चौहान जी साहिबा रिलिजियस ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में उम्मेद भवन पैलेस से मोटर बाइक रैली का शुभारंभ हुआ। युवराज शिवराजसिंह ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर महाराजा गज सिंह, युवरानी गायत्री राज्ये व राज भंवर सिराज देव भी उपस्थित थे।
सड़क पर जीवन की सुरक्षा के लिए दुपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने
रैली शुभारंभ के अवसर पर इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन के अध्यक्ष महाराजा गज सिंह ने कहा कि सड़क पर जीवन की सुरक्षा के लिए दुपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहने। उन्होंने कहा कि इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन के तत्वाधान में सड़क सुरक्षा व जागरूकता का कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन के तत्वाधान में अब तक चालीस हजार से अधिक हेलमेट का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हेलमेट सिर की चोट से बचाता है इसलिए हेलमेट पहनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जोधपुर नाइट्स क्लब के विशांत सिंघवी व प्रवीण शर्मा की टीम द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए आज मोटर बाइक रैली निकाली गई जो एक अच्छा कार्य है।
तीन पीढ़ी जीप में आई एक साथ
उम्मेद भवन पैलेस से रैली के शुभारंभ के अवसर पर तीन पीढ़ी एक साथ दिखाई दी। महाराजा गज सिंह स्वयं जीप चलाकर आए। पास की सीट पर आगे युवराज शिवराज सिंह बैठे व पीछे की सीट पर युवरानी गायत्री राज्ये व राज भंवर सिराज देव बैठे थे। सभी के चेहरे पर मंद मंद मुस्कान थी और अच्छे उद्देश्य के लिए निकाली जा रही बाइक रैली के लिए संतोष का भाव भी था। उन्होंने सभी बाइकर्स से मुलाकात की और इस सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उम्मेद भवन पैलेस के महाप्रबंधक मनु शर्मा, कु. धनंजयसिंह व फारूक अहमद खान भी उपस्थित थे।
जोधपुर नाइट्स क्लब के संस्थापक सदस्य विशांत सिंघवी व प्रवीण शर्मा ने इस अवसर पर कहां की महाराजा गज सिंह की अध्यक्षता में इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा व जागरूकता अभियान से उनका क्लब भी जुड़ा है और आज इसी के तहत युवराज शिवराज सिंह के 50 वें जन्मदिवस के अवसर पर यह मोटर बाइक रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि जीवन की सुरक्षा के लिए दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक दुर्गाराम ने कहा कि इंडियन हेड इंजरी फाउंडेशन का यह जागरूकता अभियान शानदार है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करके जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है और दुर्घटना से बचा जा सकता है। उन्होंने जोधपुर नाइट्स क्लब कि जागरूकता अभियान की भी सराहना की। ट्रैफिक पुलिस द्वारा रैली के लिए अच्छी व्यवस्था की गई। महिला पुलिस की कालका टीम भी उपस्थित थी।
इन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए निकाली बाइक रैली
विशांत सिंघवी ने बताया कि जोधपुर नाइट्स क्लब की ओर से इस मोटरबाइक रैली में विशान्त सिंघवी, प्रवीण शर्मा, अमित सिंघवी, मनीष न्यूटन, अमित, मुकेश रामावत, योगेश शर्मा, पंकज सोनी, चित मोहन कछवाह, पुनीत राव, महावीर सिंह खींची, डॉ. बलवीरसिंह शेखावत, देवनारायण रंगा, मुदित शर्मा, देवन शर्मा, राजेश शर्मा, समवर्त सिंह, लवित छाजेड़, अंकुर गहलोत, विकास बालिया, अनुज, नरेंद्र पटेल, दीपक शर्मा, पुनीत चोपड़ा, कार्तिक मिश्रा, गौरव शाह व डॉ हेमंत जांगिड़ ने भाग लिया।
युवराज शिवराज सिंह न्यूरो रिहैब सेंटर पहुंची बाइक रैली
माँ जी श्री चौहान जी साहिबा रिलिजियस ट्रस्ट के सचिव कल्याणसिंह राठौड़ ने बताया कि उम्मेद भवन पैलेस से रवाना हुई मोटरबाइक रैली सरदारपुरा तीसरी रोड स्थित राधे मोहन जी मंदिर स्थित युवराज शिवराज सिंह न्यूरो रिहैब सेंटर पहुंची। मोटरबाइक रैली के वहां पहुंचने पर युवरानी गायत्री राज्ये द्वारा अगवानी की गई। युवराज शिवराज सिंह ने केंद्र का अवलोकन किया व आए हुए पेशेंट से मिले व वहां आए हुए बच्चों ने उन्हें जन्मदिवस के कार्ड भेंट कर शुभकामनाएं दी। केंद्र पर केक काटा गया। इस अवसर पर कल्याणसिंह राठौड़, केंद्र के प्रभारी डॉ. पुखराज सिंह राजपुरोहित, डॉक्टर चारू खत्री, डॉ. उम्मेद सिंह भी उपस्थित थे।