छात्रा वर्ग में जोधपुर ने हासिल किया 17 वर्ष का खिताब, जयपुर ने 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में किया शीर्ष स्थान प्राप्त
प्रतियोगिता में उदयपुर और बीकानेर ने भी दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन, 7 अक्टूबर तक चलेंगे मुकाबले
जोधपुर। राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन शाला क्रीड़ा संगम, जोधपुर में हो रहा है। जोधपुर ने 69 वीं राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रा वर्ग का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता के तहत 17 वर्ष की छात्रा वर्ग की टीम स्पर्धा में जोधपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, द्वितीय और तृतीय स्थान क्रमशः उदयपुर और बीकानेर ने प्राप्त किया।
19 वर्षीय छात्रा वर्ग में जयपुर ने शीर्ष स्थान पर रहकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा, गंगानगर और बीकानेर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता संयोजक चंद्रशेखर दवे ने बताया कि एकल स्पर्धा के मुकाबले छात्र और छात्रा वर्ग के प्रारंभ हो चुके हैं और यह प्रतियोगिता 7 अक्टूबर तक चलेगी।
19 वर्षीय छात्र वर्ग में चूरू जिला प्रथम रहा, जबकि बीकानेर और जयपुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 17 वर्षीय छात्र वर्ग में जोधपुर ने फिर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जयपुर द्वितीय और उदयपुर तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा सुमित्रा पंवार, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी विशाल शर्मा, शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हापुराम चौधरी, अजय शर्मा और देवेंद्र चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post A Comment:
0 comments: