मास्को से लौटे ऋषभ का नागरिक अभिनंदन, शहर ने किया जोरदार स्वागत
खेल जगत और समाज ने मिलकर किया ऋषभ का सम्मान
जोधपुर। शहर ने ऋषभ परिहार का जोरदार स्वागत किया। रूस के मास्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्को स्टार वुशु चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले ऋषभ, जब जोधपुर पहुँचे तो उनका स्वागत देखते ही बनता था। रेलवे स्टेशन से लेकर रामसागर चौराहे तक, शहर वासियों ने ऋषभ का भव्य स्वागत किया।
जोधपुर वुशु संघ के अध्यक्ष सुरेश डोसी ने बताया कि ऋषभ ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी अदम्य साहस और कौशल से यह उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन पर जोधपुर खेल जगत के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संगठन और समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे। स्वागत रैली के रूप में रेलवे स्टेशन से रामसागर चौराहे तक विभिन्न समाजों और संस्थाओं ने ऋषभ का सम्मान किया। इस मौके पर सुमेर शिक्षण संस्थान के पदाधिकारी और जोधपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी ने भी खिलाड़ी का हार्दिक स्वागत किया।
ऋषभ के कोच विनोद आचार्य ने बताया कि ऋषभ ने जोधपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है। उन्होंने ऋषभ की लगन और मेहनत की प्रशंसा की। इस अवसर पर कोच रोहित तेजी, चन्द्र टाक, चंद्रेश शर्मा, कामेश सिसोदिया, माली समाज के अरविंद परिहार नेपसा, नरपत सिंह सांखला, सांखला बिल्डर, सब्जी मंडी एसोसिएशन अध्यक्ष मनोहर सिंह, नंदकिशोर परिहार, मेघ सिंह सोलंकी, ओम प्रकाश परिहार, मनोहर सिंह सांखला (अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर), कुलदीप सांखला, चेतन परिहार, राकेश परिहार, गुमान सिंह गहलोत, किशन सिंह परिहार (मार्केट एसोसिएशन परिहार नगर) सहित सैकड़ों लोगों ने ऋषभ का नागरिक अभिनंदन किया।
भारतीय वुशु संघ के CEO सोहेल अहमद, अध्यक्ष बी एस बाजवा, राजस्थान वुशु संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया और भारतीय वुशु टीम के कोच राजेश टेलर ने भी ऋषभ को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। जोधपुर वुशु संघ के कोषाध्यक्ष रविंद्र जांगिड़ ने सभी खेल संगठनों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
Post A Comment:
0 comments: