Jodhpur: Bloody turn of mutual enmity, 6 accused arrested in stabbing and fighting. आपसी रंजिश का खूनी मोड़, चाकूबाजी व मारपीट में 6 आरोपी गिरफ्तार।

घटना में प्रार्थी और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमले के बाद अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

जोधपुरकुडी भगतासनी थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते चाकूबाजी और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक युवक और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित गोपाल प्रजापत, उम्र 25 वर्ष ने अस्पताल में अपने बयान में बताया कि यह घटना 28 सितंबर की रात लगभग 9:30 बजे गोविंद नामक व्यक्ति ने उन्हें नारायण नगर बोर्ड के सामने बुलाया। वहाँ, जब गोपाल अपने भाई अनिल और दोस्तों पवन मेघवाल और हंसराज विश्नोई के साथ पहुंचे, तो पहले से मौजूद आरोपियों ने बातचीत के बहाने झगड़ा शुरू कर दिया।

गोपाल ने बताया कि हमले के समय आरोपियों के पास चाकू थे और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए गोपाल और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। इस हमले में गोपाल के अलावा उसके भाई अनिल और दोस्तों को भी चोटें आईं। हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि गोपाल और उसके साथियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश और उप पुलिस आयुक्त विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी हमीरसिंह भाटी के नेतृत्व में ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके तहत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोविन्द प्रजापत, अजित प्रजापत, बाबू प्रजापत, सुनील प्रजापत, विनोद प्रजापत और दिनेश प्रजापत शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और प्रकरण में अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है। यह मामला धारा 115 (2), 126 (2), 189 (2), 109 (1), 303 (2) बी.एन.एस. और एससी एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

Post A Comment:

0 comments: