त्यौहारों की तैयारी में पुलिस आयुक्तालय ने सिटी बसों और ट्रेनों में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
महिलाओं को आत्मरक्षा और सशक्तिकरण के उपायों से कराया गया अवगत, राजकोप सिटीजन ऐप का प्रचार
जोधपुर। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर, पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश के निर्देशानुसार, जोधपुर पुलिस आयुक्तालय ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट पश्चिम द्वारा शहर की सिटी बसों, बसों और ट्रेनों में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छिंटाकशी जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया।
पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार बंसल और एडीसीपीसी (SICAW) पश्चिम सुनील के पंवार की निगरानी में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों और नवीन कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही, राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को न केवल सुरक्षा प्रदान करना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा, "हमारा यह प्रयास समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा देगा।"
कार्यक्रम के दौरान, बाजारों में खरीदारी करने वाली महिलाओं, सरकारी सेवाओं में कार्यरत व्यक्तियों, निजी कंपनियों में काम करने वालों और छात्र-छात्राओं को 1090 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। इसके अलावा, आमजन से आग्रह है कि आपके आस-पास क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी, अनैतिक, अवैध शराब/मादक पदार्थ बिक्री व संदिग्ध व्यक्ति आदि की जानकारी होने पर इसकी सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष 100 / 112 व व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर सूचित करें।

Post A Comment:
0 comments: