स्वर्णकार समाज का भाजपा कोर वोटर होने का दावा, चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का किया उल्लेख
जोधपुर में बड़े अधिवेशन की योजना पर हुई चर्चा, प्रदेशाध्यक्ष ने दी सकारात्मक आश्वासन
जोधपुर। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधिगण ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात की। इस बैठक में समाज के प्रमुख प्रतिनिधि राजेन्द्र सोनी, मोहन सोनी डावर और अन्य सदस्यों ने राठौड़ के समक्ष अपनी मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज भाजपा का कोर वोटर है और हमेशा चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाता है।
स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि चाहे वह पंचायती चुनाव हो, नगर निकाय चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव, हर बार समाज के सदस्य भाजपा के पक्ष में मतदान करने में आगे रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के सदस्यों ने हमेशा कार्यकर्ताओं की पहली पंक्ति में रहकर भाजपा को मजबूत किया है।
हालांकि, समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी चिंता जताई कि चुनाव जीतने के बाद किसी भी स्वर्णकार समाज के व्यक्ति को संगठन या सरकार में कोई स्थान नहीं दिया जाता है। इससे समाज के लोग खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं।
इस मुलाकात के दौरान, प्रतिनिधियों ने आगामी समय में जोधपुर में समाज के बड़े अधिवेशन की योजना पर भी चर्चा की। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने समाज की सभी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया और कहा कि भाजपा परिवार स्वर्णकार समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

Post A Comment:
0 comments: