जोधपुर में आयोजित भव्य कार्निवाल ने दिखाया समाज की एकता और उल्लास का अद्वितीय नजारा
विभिन्न खेलों और आकर्षक पुरस्कारों के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ कार्यक्रम, समाज के वरिष्ठजनों की भागीदारी रही महत्वपूर्ण
जोधपुर। श्री अग्रवाल पंचायत द्वारा आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत रविवार को अग्रवाल कार्निवाल का भव्य आयोजन श्री अग्रसेन वाटिका प्रांगण में हुआ। इस आयोजन ने समाज के बच्चों, युवतियों, महिलाओं और पुरुषों में जोश और उत्साह का संचार किया, जो सुबह से देर रात तक बना रहा।
प्रातः 10 बजे पंचायत अध्यक्ष मुकुल गुप्ता, सचिव अनिल अग्रवाल, मुख्य अतिथि विष्णु मित्तल और विशिष्ट अतिथि हीरालाल मोदी ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्निवाल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मुकेश सिंहल ने सभी अग्रजनों का स्वागत करते हुए बम्पर इनामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हर 30 मिनट में ड्रा निकाला जाएगा, जिसमें बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए तीन वर्ग बनाए गए थे।
जयंती संयोजक चमन अग्रवाल ने कहा कि कार्निवाल का आयोजन श्री अग्रसेन वाटिका प्रांगण में किया गया, जहाँ सुबह 11 बजे से ही भीड़ उमड़ पड़ी। वाटिका प्रांगण खचाखच भरा रहा और अग्रवाल कार्निवाल संयोजक अनिल आर. सिंहल व सह-संयोजक रवि गुप्ता ने सभी खेलों के नियम और संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए 'रंगीन दुनिया', 'होशियार कंगारू', 'आमने-सामने', महिलाओं के लिए 'टोपी पहनाके' और पुरुषों के लिए 'ये हाथ मुझे दे दे दे' जैसे अनोखे खेल आयोजित किए गए। कपल गेम 'आ गले लग जा' विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे खेलते हुए प्रतिभागी और दर्शक दोनों ही आनंदित हुए।
जयंती संयोजक महेंद्र अग्रवाल व प्रमोद अग्रवाल ने समाज के वरिष्ठजनों से 140 से अधिक लक्की कूपन निकलवाए। विजेताओं को चाँदी की ईंट, चाँदी के सिक्के, वॉशिंग मशीन, मिक्सर ज्यूसर, होम थियेटर और स्मार्ट LED TV जैसे शानदार पुरस्कार प्रदान किए गए।
अमित अग्रवाल ने रस्साकशी प्रतियोगिता का संचालन किया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों दोनों ने दमखम दिखाया। देर रात आयोजित ब्लास्ट तंबोला में नकद इनामों की बौछार ने समापन को और भी यादगार बना दिया। तंबोला का संचालन राजेश अग्रवाल, विनय मित्तल, श्रेष्ठता बंसल और हितेश अग्रवाल ने किया।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मोनिका काला, विकेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, लोकेश गुप्ता, रवि सिंहल, अक्षत अग्रवाल, निखिल बंसल, पूजा मंगल, कविता अग्रवाल, डॉ. रुचि अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, कन्नप गोयल, नीरज गोयल, बद्री जलानी, विपिन गुप्ता, सुरेश गुप्ता, ज्योति मंगल, ललित बंसल और रवि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
पंचायत कोषाध्यक्ष मुकेश सिंहल ने उत्साह जताते हुए कहा कि आज का दिन समाज की एकता, उमंग और परंपराओं के संगम का प्रतीक है। जयंती संयोजक चमन अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल कार्निवाल ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो हर आयोजन उत्सव का रूप ले लेता है।

Post A Comment:
0 comments: