पहली बार 'ऑपरेशन सिंदूर' ड्रोन शो होगा आकर्षण का केंद्र, 20 हजार दर्शक लेंगे कार्यक्रम में भाग
वायु सैनिकों की पुष्प वर्षा, सेना द्वारा हथियारों की प्रदर्शनी, बीएसएफ का कैमल टैटू शो, 700 स्कूली बच्चों का व्यायाम प्रदर्शन भी होंगे मुख्य आकर्षण
जोधपुर। इस वर्ष राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन सूर्यनगरी जोधपुर में भव्य रूप से किया जाएगा। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि 15 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्यमंत्री 14 अगस्त को जोधपुर पहुंचेंगे, ‘एट होम’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अशोक उद्यान में रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेंगे। 15 अगस्त की सुबह वे सर्किट हाउस में ध्वजारोहण, शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि और फिर मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
इस बार का विशेष आकर्षण ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ड्रोन प्रदर्शन होगा, जो देश में पहली बार इस स्तर पर आयोजित किया जाएगा। यह एक अद्भुत दृश्य होगा जो दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर देगा। इसके अलावा वायु सैनिकों की पुष्प वर्षा, सेना द्वारा हथियारों की प्रदर्शनी, बीएसएफ का कैमल टैटू शो और 700 स्कूली बच्चों का व्यायाम प्रदर्शन भी मुख्य आकर्षण होंगे।
समारोह की सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस, मेहरानगढ़ और अशोक उद्यान तक पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पार्किंग के लिए रावण का चबूतरा मैदान और आसपास के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था रहेगी। बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में करीब 20 हजार लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह समारोह जोधपुर वासियों के लिए एक यादगार अनुभव होगा।

Post A Comment:
0 comments: