राधा गोविंदजी का होगा विशेष श्रृंगार एवं अभिषेक, विद्यार्थियों के लिए "कृष्णा कांटेस्ट" का आयोजन

नंदोत्सव 17 अगस्त को, इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव भी मनेगा

जोधपुरतनावड़ा फांटा स्थित श्री श्री राधा गोविंदजी मंदिर, इस्कॉन जोधपुर में इस वर्ष "श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव" 16 अगस्त, शनिवार को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर पूरे दिन भक्तों के लिए खुला रहेगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए "कृष्णा कांटेस्ट" नामक एक इंटर स्कूल सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। 17 अगस्त को नंदोत्सव के साथ ही इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव भी मनाया जाएगा।

मंदिर के अध्यक्ष सुंदर लाल प्रभु ने बताया कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण, जिन्हें वैदिक शास्त्रों में परम पुरुषोत्तम कहा गया है, का प्राकट्य उत्सव है। यह पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को सम्पूर्ण विश्व में मनाया जाता है। इस दिन भक्त आधी रात तक उपवास रखते हुए जन्माष्टमी व्रत का पालन करते हैं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

इस वर्ष भी इस्कॉन जोधपुर द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में भगवान के दिव्य श्रृंगार दर्शन, अभिषेक, कथा, कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा और सभी दर्शनार्थियों के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती से शुरू होगा। श्रृंगार दर्शन 7:30 बजे और श्रीमद् भागवतम कथा प्रातः 8 बजे होगी। श्री श्री राधा गोविंदजी को वृंदावन से लाई गई विशेष नव पोषक सामग्री और फूलों से सजाया जाएगा। दर्शन और कीर्तन पूरे दिन खुले रहेंगे।

प्रातः 8:30 बजे से "कृष्णा कांटेस्ट" के अंतर्गत श्लोक पाठ, नृत्य, भजन गायन, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। जोधपुर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।

संध्या कार्यक्रम में, सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 05 बजे शुरू हो जाएंगे जिसमें विशेष कलाकारो ‌द्वारा नाटिका प्रस्तुति गुरुकुल विद्यार्थी ‌द्वारा नाटिका एवं गीता पर आधारित भजन प्रदर्शन, ISKCON Youth Form विद्यार्थी द्वारा गीता पर आधारित अद्भुत नाटिका एवं नृत्य प्रस्तुति होगी, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में अनेकों भक्त भाग लेंगे, संध्या आरती सायं 7 बजे होगी, भगवान श्री श्री राधा गोविंदजी का पांच गव्य व फलों के रसों से महाभिषेक रात्रि 11 बजे होगा, भगवान् को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किये जाएंगें एवं महाआरती रात्रि 12:30 बजे होगी। महोत्सव का विशेष आकर्षण भगवान का विशाल दर्शन, भक्तों द्वारा मधुर कीर्तन, भव्य पंडाल कार्यक्रम, अनेकों स्टॉल्स, प्रदर्शनियाँ होगी । IIT के विद्यार्थियों ‌द्वारा रोबोटिक्स द्वारा भगवान् की लीलाओं पर आधारित प्रदर्शनी, भक्त प्रहलाद गुरुकुल द्वारा प्रदर्शनी, व अनेको स्टाल्स भी लगायी जाएंगी।

प्रभुजी ने बताया कि भक्त मंदिर में आकर भगवान गोपाल का अभिषेक करने के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं।

आगे प्रभुजी ने बताया की हर वर्ष के भांति नंदोत्सव को इस्कान के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का जन्मदिवस 17 अगस्त को बड़े ही धूम धाम से मनाया जाएगा, जिसमे कथा कीर्तन अभिषेक व महा प्रसाद वितरण किया जाएगा। विश्व के सभी इस्कॉन मंदिर में यह एक महत्वपूर्ण महोत्सव होता है जिसमें भक्त श्रील प्रभुपाद का गुणगान करते है एवं उनके द्वारा दिए गए दर्शन व उनके जीवन आदर्शों ‌द्वारा प्रभावित होकर और उत्साह से वैश्विक शांति के लिए पुरे विश्व में प्रचार करते है।

Post A Comment:

0 comments: