ऑनलाइन अपॉइंटमेंट से जन सुनवाई होगी आसान, पारदर्शी और सुलभ
पुलिस कमिश्नर ने किया पोर्टल का शुभारंभ, पुलिस-जन संपर्क में सुधार की दिशा में बड़ा कदम
जोधपुर/राजस्थान। जोधपुर पुलिस ने जनता के साथ बेहतर संपर्क और पारदर्शी सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से एक नया वेब पोर्टल "स्वागतम्" लॉन्च किया है। पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में एक समारोह में पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने इस पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल आगंतुकों को ऑन लाइन अपॉइंटमेंट लेने की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे जन सुनवाई की प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बन जाएगी।
पुलिस कमिश्नर पासवान ने कहा कि "स्वागतम्" पोर्टल जोधपुर पुलिस के डिजिटल प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पहल से जनता और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करने में मदद मिलेगी। अब लोगों को पुलिस कार्यालय में लंबी कतारों में खड़े होने और घंटों इंतज़ार करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर अपने मुद्दों को सुविधाजनक समय पर पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
इस पोर्टल से पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। यह पोर्टल जोधपुर पुलिस के डिजिटल हस्ताक्षर को और मजबूत करता है और जनता के साथ बेहतर संपर्क स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस विभाग आने वाले समय में इस पोर्टल में और भी सुविधाएँ जोड़ने की योजना बना रहा है ताकि जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

Post A Comment:
0 comments: