घर और सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित होंगी गणेश प्रतिमाएं, शहर में सजे मिट्टी की मूर्तियों के बाजार
रातानाडा गणेश मंदिर में लगेगा 51 हजार लड्डुओं का भोग, बुधवार का विशेष संयोग, मंदिरों में होगा विशेष श्रृंगार और रोशनी
जोधपुर। गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त को श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर को लेकर शहर में शिवसेना सहित कई अन्य संस्थाओं और संगठनों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
गणेश चतुर्थी के दिन, जोधपुर के विभिन्न गणेश मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना और अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। शहर में पावटा, रातानाडा, 12वी रोड, आखलिया, मंडोर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग, सोजती गेट सहित अन्य स्थानों पर अस्थायी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी और इस मौके पर मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का बाजार भी सज गया है।
रातानाडा गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी का पर्व भव्य रूप से मनाने की तैयारियां पूरे जोश-खरोश के साथ की जा रही हैं। मंदिर में इस अवसर पर 51,000 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इसके लिए बीते दो दिनों से मंदिर परिसर में लड्डू बनाने का काम चल रहा है।
कारीगर गोंद, मेवा, मिश्री, और कलाकंद जैसे सामग्रियों से लड्डू बना रहे हैं। मंदिर के पुजारी महेश अबोटी ने बताया कि इस बार गणेश चतुर्थी पर बुधवार का विशेष संयोग बना है, जो विशेष फलदाई रहेगा। भगवान गणपति को लड्डू और मोदक का भोग लगाया जाएगा, साथ ही मेवे के बने 101 किलो लड्डू भी तैयार किए जा रहे हैं।
भोग लगाने के बाद, मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद के तौर पर लड्डू वितरित किया जाएगा। गणेश और रिद्धि-सिद्धि का विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा। मंदिर परिसर में आकर्षक रोशनी की जाएगी। वहीं, सुबह मंदिर में आरती का आयोजन होगा और संतों के सान्निध्य में ध्वजारोहण किया जाएगा।
इस गणेश चतुर्थी पर, शहर के सभी श्रद्धालु और भक्त इस पर्व को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने के लिए तैयार हैं, जिससे समाज में एकता और समर्पण का भाव देखने को मिलेगा।

Post A Comment:
0 comments: