जोधपुर में विभागीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का जायजा, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सड़क निर्माण, पर्यटन विकास और महिला-बाल कल्याण योजनाओं पर विशेष जोर
जोधपुर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जोधपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे होने चाहिए। किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी
उप मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी की जाए। गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बजट घोषणाएँ और महिला-बाल विकास योजनाएँ
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में सुधार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले के 1947 केंद्रों पर मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना से 40,533 बच्चों को पौष्टिक दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना और मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत लाखों रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। जोधपुर जिले से जुड़ी लंबित बजट घोषणाओं को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों को दें गति
पर्यटन विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने कायलाना झील पर म्यूजिकल फाउंटेन, वाटर स्क्रीन, लाइट एंड साउंड शो और डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म जैसी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ जोधपुर की पहचान को मजबूत करेंगी और पर्यटन को बढ़ावा देंगी।
जनता से सीधे संवाद का निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिलान्यास और उद्घाटन से जुड़ी सूचनाएँ समय पर जनप्रतिनिधियों को दी जानी चाहिए।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति लाने का आह्वान किया। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में विधायक अर्जुन लाल गर्ग, विधायक अतुल भंसाली, उप महापौर किशन लड्ढा, राजेंद्र पालीवाल, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के उच्चस्तरीय अधिकारी और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Post A Comment:
0 comments: