सोनी देवी देवीलाल गहलोत पवेलियन का हुआ नामकरण, मुख्यमंत्री सैनी ने की समाज और संस्थान के उत्थान में भामाशाहों के योगदान की सराहना
नीट, जेईई और क्लैट में चयनित 13 आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की भरी कोचिंग फीस, 870 छात्रों को मिली छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन
जोधपुर। माली संस्थान जोधपुर द्वारा शुक्रवार को सोनी देवी देवीलाल गहलोत पवेलियन, रामबाग परिसर में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी थे, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर में उत्कृष्टता हासिल करने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री सैनी ने माली संस्थान के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह संस्थान समाज में शिक्षा के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
पवेलियन का नामकरण और मूर्ति अनावरण
इस समारोह में ठेकेदार देवीलाल गहलोत के परिवार ने रामबाग में पवेलियन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान दिया। इस पवेलियन का नाम "श्रीमती सोनी देवी देवीलाल गहलोत पवेलियन" रखा गया। साथ ही, स्वर्गीय देवीलाल गहलोत की मूर्ति का अनावरण भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया।
अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने अध्यक्षता की और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, महापौर कुंती देवड़ा, और विधायक भागचंद सैनी भी उपस्थित थे। सभी ने माली संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
संस्थान के सराहनीय कार्य
माली संस्थान के अध्यक्ष प्रेम सिंह परिहार ने बताया कि इस वर्ष नीट, जेईई और क्लैट में चयनित 13 आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की कोचिंग फीस भरी गई है। इसके अलावा, 50 से अधिक छात्रों को रियायती दरों पर कोचिंग में प्रवेश दिलाया गया है।
संस्थान द्वारा संचालित कुछ अन्य महत्वपूर्ण कार्य
• एम्स के सामने मरीजों के लिए वातानुकूलित धर्मशाला का निर्माण, जिसमें एम्स तक निःशुल्क ऑटो की व्यवस्था।
• छात्र-छात्राओं के लिए नि:शुल्क छात्रावास और कोचिंग की सुविधा।
• रामबाग परिसर और कागा रोड पर छात्रों के लिए लाइब्रेरी।
• भाटी हॉल और मैरिज गार्डन, जहां सभी वर्गों के लोगों को न्यूनतम दरों पर सुविधाएं मिलती हैं।
संस्थान के मंत्री नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि इस वर्ष छात्रवृत्ति के लिए कुल 870 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं, मंत्री योगेश गहलोत ने जानकारी दी कि समारोह से पहले संस्थान की साधारण सभा की बैठक भी हुई, जिसमें वार्षिक आय-व्यय का विवरण पारित किया गया।
Post A Comment:
0 comments: