गाजणगढ गार्डन में लहरिया उत्सव: महिलाओं ने सजधज कर की शिरकत, भजनों और नृत्यों से सराबोर हुआ माहौल
प्रतियोगिताओं और रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां, विजयी महिलाओं को किया गया सम्मानित
जोधपुर। मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार महासभा संस्था महिला मण्डल द्वारा 14 जुलाई को जोधपुर में मेगा सावन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। माता का थान स्थित गाजणगढ गार्डन हॉल में आयोजित इस मेगा सावन लहरिया उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्था की अध्यक्ष लीलू अडानिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राम स्वरूप कडेल और महिला मण्डल द्वारा श्री गणेश वंदना, अजमीढ़ जी पूजन और दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। सभी महिलाएं सजधज कर लहरिया साड़ी और रंग बिरंगी वेशभूषा पहनकर आईं और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
किरण डांवर ने बताया कि सावण महोत्सव में फिल्मी और मारवाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य किया गया। भजन गायक रामेश्वर मौसूण ने जसोल माजीसा और शेरावाली मां की भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे भक्त झूम उठे और समूचे माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस आयोजन में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं, खेल और अन्य रंगारंग कार्यक्रम हुए। संस्कारी इवेंट्स से अभिषेक शर्मा और वंदना शर्मा ने मंच संचालन कर समां बांधा। नृत्य में पवित्रा कडेल, म्यूजिकल चेयर और बॉल में दीपिका कडेल प्रथम रहीं। सोलह श्रृंगार, लक्की ड्रॉ, नींबू खेल, गुब्बारे खेल में भी बहनों ने बाजी मारी, जिससे तालियों की गडगडाहट से हॉल गूंज उठा। जीतने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्पॉन्सर रतन माहेश्वरी और प्रियंका मौसूण का सहयोग रहा। आयोजन में आई हुई सभी महिलाओं को फेशियल किट गिफ्ट दिया गया, जिसे रतन माहेश्वरी ने सभी तिजनियों को भेंट किया। मयूर आर्टिफिशियल ज्वैलरी से प्रियंका मौसूण ने ज्वैलरी आइटम गिफ्ट दिए।
राम स्वरूप कडेल (नागौर), पुनम चन्द मौसूण (पीपाड़), राकेश अग्रोया (बिलाड़ा), राम रतन खजवानियाँ (जोधपुर), राजेश कडेल (बिलाड़ा) और पत्रकार रामेश्वर मोसूण, विध्योतमा सोनी ने समस्त कार्यकारणी टीम का प्रशंसनीय पत्र देकर स्वागत सत्कार किया और आशीर्वाद दिया।
इस सावन उत्सव में शामिल माताओं-बहनों ने खूब आनंद लिया और भव्य आयोजन की तारीफ की। तिजनियों के चेहरे पर रौनक नजर आई और उनमें उल्लास छाया हुआ था।
आयोजन में महिला मण्डल द्वारा सभी को दुपट्टा पहना कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अजमीढ़ जी महाराजा एवं भारत माता की जय जयकार कर समूचे माहौल को गुंजायमान कर दिया गया। लीलू अडानिया ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस भव्य आयोजन में पधार कर सभी ने चार चांद लगाए हैं। इन्द्र देव ने भी बरस कर आशीर्वाद दिया, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया। बाद में सभी ने प्रसादी ग्रहण की।
Post A Comment:
0 comments: