Republic Day celebrations celebrated with pomp in Jodhpur. जोधपुर में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस समारोह। मंत्री जोगाराम पटेल ने किया ध्वजारोहण।

जोधपुर में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस समारोह

मंत्री जोगाराम पटेल ने किया ध्वजारोहण, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

उम्मेद स्टेडियम में हुआ भव्य जिलास्तरीय समारोह, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

जोधपुर। गणतंत्र दिवस रविवार को जोधपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह श्री उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित हुआ जहाँ संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली।

समारोह में मंत्री पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाओं और विशिष्ट व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राज्यपाल का संदेश अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने पढ़कर सुनाया।

अपने उद्बोधन में मंत्री पटेल ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकसित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

भव्य मार्च पास्ट:

परेड कमांडर कंपनी कमांडर खेताराम के नेतृत्व में हुए मार्च पास्ट में  प्रथम बटालियन आरएसी, पुलिस आयुक्तालय (पुरुष एवं महिला), केंद्रीय कारागृह, राजस्थान होमगार्ड्स (पुरुष एवं महिला), स्काउट्स और गाइड की टुकड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। परेड प्रदर्शन में आरएसी प्रथम बटालियन ने प्रथम, पुलिस आयुक्तालय (महिला) ने द्वितीय और पुलिस आयुक्तालय (पुरुष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आरएसी बैंड को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां:

स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में देशप्रेम का ज्वार उठा दिया।

झांकियों ने दिखाई विकास की झलक:

विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थाओं की आकर्षक झांकियों ने विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए दर्शकों को प्रभावित किया। इनमें जोधपुर डिस्कॉम की ‘पीएम सूर्य घर योजना’, जेडीए द्वारा शहर के विकास कार्यों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की तंबाकू मुक्त थीम, कृषि विभाग की आधुनिक कृषि तकनीक और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 थीम, जिला परिषद की नरेगा विकास कार्य, नगर निगम (उत्तर और दक्षिण) की स्वच्छ भारत मिशन थीम, महिला एवं बाल विकास विभाग की नंद घर और महिला विकास योजनाएं, समग्र शिक्षा अभियान की व्यावसायिक शिक्षा और पीएम श्री गतिविधियाँ, यातायात पुलिस की यातायात नियमों की जानकारी, नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आग से बचाव के तरीके, और केंद्रीय कारागृह की सुरक्षा और सुधार योजनाओं पर आधारित झांकियाँ शामिल थीं।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, विधायक देवेन्द्र जोशी, महापौर (दक्षिण) वनिता सेठ, महापौर (उत्तर) कुंती देवड़ा, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस आयुक्त राजेन्द्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अन्य खबरें...



Post A Comment:

0 comments: