बोरानाडा के वीर सपूत श्रवण कुमार सियाग हुए शहीद, क्षेत्र में शोक की लहर
सेना के जवान की शहादत से पूरा लूणी क्षेत्र स्तब्ध, 30 जनवरी को हुआ अंतिम संस्कार
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि, हजारों लोग शामिल हुए अंतिम यात्रा में
जोधपुर। बोरानाडा से एक दुखद खबर सामने आ रही है। भारतीय सेना के वीर जवान, जोधपुर जिले के बोरानाडा निवासी श्रवण कुमार सियाग ने 28 जनवरी को देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की। उनकी शहादत की खबर से लूणी क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके पैतृक गांव बोरानाडा और उनके ससुराल रामनगर (भाण्डू) में भी गम का माहौल है।
श्रवण कुमार नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में पदस्थ थे। उनका पार्थिव शरीर सेना के वाहन से सड़क मार्ग द्वारा उनके पैतृक गांव बोरानाडा लाया गया है। 30 जनवरी को सुबह 9 बजे उनका अंतिम संस्कार सैनिक सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हजारों लोगों का हुजूम श्रद्धांजलि यात्रा में शामिल हुआ।
शहीद श्रवण कुमार के परिवार में माता-पिता, दो बहनें, पत्नी गोली देवी, दो पुत्रियां और एक पुत्र है। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है। इस अपूरणीय क्षति को सहन करना उनके लिए बेहद मुश्किल है।
इस दुखद घटना पर कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री जोगाराम पटेल, पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री शैलाराम सारण, सरपंच गिरधारी लधड सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
श्रवण कुमार के बलिदान को पूरा क्षेत्र याद रखेगा। उनकी वीरता और देशभक्ति का उदाहरण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। हमारे वीर जवान की आत्मा को शांति मिले, यही कामना है।

Post A Comment:
0 comments: