क्रिकेट खेल के दौरान मारपीट: 13 साल के बच्चे की मौत
जोधपुर में दर्दनाक घटना, स्टंप से वार करने से हुआ ब्रेन हेमरेज, तीन नाबालिग हिरासत में
पुलिस कर रही जांच, परिवार ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
जोधपुर। शहर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ क्रिकेट खेल के दौरान हुई मारपीट में 13 वर्षीय मौलिक नामक एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना 24 जनवरी को महामंदिर ब्रह्मपुरी इलाके में हुई थी। मौलिक अपने घर के पास क्रिकेट खेल रहा था, तभी दूसरे मोहल्ले के तीन नाबालिग बच्चे वहाँ खेलने लगे। मौलिक ने उन्हें रोका, जिस पर तीनों नाबालिगों ने उससे हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि तीनों नाबालिगों ने क्रिकेट के स्टंप से मौलिक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर बेहद बेरहमी से वार किए। इससे मौलिक को गंभीर चोटें आईं और उसे ब्रेन हेमरेज हुआ। तुरंत उसे शहर के मथुरा दास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ चार दिन तक वेंटिलेटर पर जीवन और मौत के बीच जूझने के बाद 28 जनवरी की शाम को उसकी मौत हो गई।
मौलिक के नाना, आनंद त्रिवेदी ने बताया कि उनका दोहिता चार दिन तक जीवन और मौत के बीच जूझता रहा। उसकी मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो और किसी और बच्चे की जान न जाए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया था और उन्हें किशोर न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। मौलिक की मृत्यु के बाद, परिस्थितियों में बदलाव के चलते, पुलिस ने बुधवार सुबह फिर से तीनों नाबालिगों को हिरासत में लिया और दोपहर बाद फिर से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया। महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्रसिंह देवड़ा ने बताया कि मामले की जांच उप निरीक्षक गोविंद सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने बुधवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Post A Comment:
0 comments: