महामंदिर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ अड्डे पर छापा, लाखों की सामग्री जब्त, संचालक फरार
जोधपुर के रामदेव नगर में एचडीएफसी बैंक के पीछे चलाया जा रहा था अवैध जुआ अड्डा, पुलिस ने तीन बाइकें भी की जब्त
विक्की नागौरा समेत कई आरोपी फरार, पुलिस कर रही है तलाश
जोधपुर। शहर में महामंदिर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रामदेव नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के पीछे एक अवैध जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुरुवार को सुबह छापा मारा। पुलिस के पहुँचते ही तीन-चार लोग दीवार फाँदकर मौके से फरार हो गए।
मौके से मिली आपत्तिजनक सामग्री:
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा और एसआई गोविंदसिंह के नेतृत्व में एसीपी पूर्व हेमंत कलाल की टीम ने बाड़े में तलाशी ली तो वहां जुआ खेलने के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस को मौके से ताश के पत्ते, चकरी, फोटो स्केनर, लाखों रुपये के लेन-देन के हिसाब-किताब वाली डायरियां, अन्य संदिग्ध सामग्री मिली। इसके अलावा, पुलिस ने तीन मोटर साईकिल भी जब्त कीं, जिन्हें यातायात नियमों के तहत सीज किया गया।
मुख्य आरोपी की पहचान, तलाश जारी:
पुलिस ने दीवार फाँदकर भागने वालों में से एक की पहचान विक्की नागौरा पुत्र बद्रीलाल कलाल, निवासी रामदेव कॉलोनी महामंदिर के रूप में की है। विक्की को नामजद आरोपी बनाया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस जुआ अड्डे के संचालक और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप:
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस को शक है कि इस जुआ अड्डे का कई अन्य लोगों से भी संबंध हो सकता है, और इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहनता से जाँच की जा रही है।
Post A Comment:
0 comments: