ऊर्जा विहार में अज्ञात चोरों ने 30 तोला सोने के आभूषण और 1.80 लाख की नकदी पर किया हाथ साफ
परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में था व्यस्त, पुलिस ने शुरू की जांच
जोधपुर। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के ऊर्जा विहार में एक व्यवसायी के घर दिनदहाड़े चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार, व्यवसायी ईश्वर लाल जांगिड के घर अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर करीब 30 तोला सोने के आभूषण, चांदी के सामान और 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया।
घटना उस समय हुई जब ईश्वरलाल जांगिड का परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए माता के थान क्षेत्र गया हुआ था। पुलिस के अनुसार, यह चोरी सुबह 11 बजे से शाम 6:30 बजे के बीच हुई बताई जा रही है।
ईश्वरलाल जांगिड ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।
चोरी में शामिल सामान की सूची:
• रामनवमी कान की जोड़ी – 15 तोला
• दो जोड़ी रकड़ी सेट – 6 तोला
• चार कंगन – 8 तोला
• एक पेंडल सेट – ½ तोला
• कान के टॉप्स – ½ तोला
• पांच अंगूठियाँ
• 1 लाख 80 हजार रुपये नकद
• 20 जोड़ी चांदी की पायल
• चांदी की गाय
• चांदी का हाथी
• सोने की चैन – ½ तोला
• चांदी की तुलसी, लोटा, कंगन, गले का सेट आदि
स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है और वे पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत थाने से संपर्क करें।
Post A Comment:
0 comments: