जोधपुर में आयोजित जॉब फेयर में 14 नामी कंपनियों ने भाग लिया, 250 प्रतिभागियों के इंटरव्यू हुए
मुख्य अतिथियों ने युवाओं को प्रोत्साहित किया, आयोजन की सफलता में समाज के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान
जोधपुर। माहेश्वरी यूथ जनरेशन के तत्वावधान में रविवार को माहेश्वरी समाज जोधपुर के माहेश्वरी भवन, रातानाडा में एक भव्य जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने का उद्देश्य रखा गया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक देवेन्द्र जोशी, कृष्णा मोटर्स के ऑनर राजीव मूंदड़ा, व्यवसायी एवं समाजसेवी कमल किशोर चांडक तथा जोधपुर के उपमहापौर किशन लड्ढा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महेश की आराधना से हुई, जिसके बाद सभी अतिथियों ने अपने विचार साझा किए और युवाओं को उत्साहित किया।
प्रेस प्रवक्ता मनीष बागड़ी ने बताया कि इस जॉब फेयर में जोधपुर की लगभग 14 नामी कंपनियों ने भाग लिया और करीब 250 युवा प्रतिभागियों के इंटरव्यू लिए गए। ये युवा प्रतिभागी देश के विभिन्न कोनों से आए थे। बड़ी संख्या में उम्मीदवार पहले राउंड में चयनित हुए और कंपनियों ने उन्हें आगे की प्रक्रिया हेतु आमंत्रित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए अल्पाहार एवं दोपहर भोज की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी ने आनंद लिया।
इस सफल आयोजन में अध्यक्ष राजेश माहेश्वरी, सचिव अनिल बंग, अशोक तापड़िया, महेश भूतड़ा, ऋषि राठी, वंशिता राठी, अजय सोनी और कैलाश सोमानी ने पिछले दो महीनों से अथक प्रयास कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाज मंत्री नंदकिशोर शाह और कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश मनिहार ने अंत में सभी कंपनियों, प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
यह जॉब फेयर न केवल समाज के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि आने वाले समय में ऐसे आयोजनों के प्रति उत्साह और अपेक्षा को समाज स्तर पर बढ़ाने का मौका भी मिला।

Post A Comment:
0 comments: