5 से 7 सितंबर तक चलेगी बैठक, 32 संघ प्रेरित संगठनों के पदाधिकारी होंगे शामिल
राष्ट्रीय एकात्मता, सुरक्षा और सामाजिक मुद्दों पर होगी गहन चर्चा
जोधपुर।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का जोधपुर प्रवास होने जा रहा है। वे आज दोपहर विमान से जोधपुर पहुँचेंगे और लाल सागर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में प्रवास करेंगे। 5 से 7 सितंबर तक यहाँ अखिल भारतीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संघ से प्रेरित 32 विभिन्न संगठनों के चयनित पदाधिकारी भाग लेंगे।
इन संगठनों में राष्ट्र सेविका समिति, वनवासी कल्याण परिषद, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती और भारतीय मजदूर संघ जैसे प्रमुख संगठन शामिल हैं। इन सभी संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन मंत्री और प्रमुख पदाधिकारी इस महत्वपूर्ण बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
बैठक में सभी संगठन अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में प्राप्त अनुभवों और मौजूदा परिस्थितियों का आकलन प्रस्तुत करेंगे। राष्ट्रीय एकात्मता, राष्ट्रीय सुरक्षा और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। हाल ही में घटित महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी सामूहिक समीक्षात्मक विश्लेषण किया जाएगा।
आरएसएस के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, 6 सह कार्यवाह और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों के लिए 1 से 4 सितंबर तक छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सरसंघचालक डॉ. भागवत 9 सितंबर को जोधपुर से वापस लौटेंगे।

Post A Comment:
0 comments: