47 वीं वार्षिक साधारण सभा में बैंक की स्वर्ण जयंती पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन
राजेन्द्र गहलोत की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से लाभ वितरण प्रस्ताव को मंजूरी दी
जोधपुर। जोधपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड की 47वीं वार्षिक साधारण सभा रविवार को आर.टी.डी.सी. होटल घूमर, ओल्ड हाईकोर्ट रोड, जोधपुर में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने की, जबकि शहर विधायक अतुल भंसाली इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 28 माननीय सदस्य उपस्थित थे। प्रबंध संचालक देवेन्द्र अमरावत ने गत साधारण सभा की कार्यवाही और प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
बैठक के दौरान, अध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत ने वर्ष 2024-25 की वित्तीय स्थिति, लाभ वितरण प्रस्ताव और ऑडिट रिपोर्ट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। साधारण सभा ने सर्वसम्मति से वर्ष 2024-25 के लिए 7.50% लाभांश घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके साथ ही, वर्ष 2025-26 के लेखों के लिए लेखा परीक्षक (सीए) की नियुक्ति एवं पारिश्रमिक निर्धारण के प्रस्ताव की भी पुष्टि की गई।
इस अवसर पर बैंक की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में बैंक के माननीय सदस्य, गणमान्य नागरिक, ऋणदाता, जमाकर्ता और उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में, उपाध्यक्ष गणपतसिंह चौहान ने उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। विधायक अतुल भंसाली ने इस मौके पर कहा, "अध्यक्ष राजेंद्र गहलोत के नेतृत्व में यह संस्थान स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है। हमारे सांसद राजेन्द्र गहलोत ने सहकारिता में नए आयाम स्थापित किए हैं।"
भंसाली ने आगे कहा कि यह खुशी की बात है कि इस संस्थान ने अपनी सेवा के 50 वर्ष पूरे कर गोल्डन जूबली कार्यक्रम आज एजीएम के साथ मनाया। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष, पूर्व निदेशक, पूर्व कर्मचारी और वर्तमान कर्मचारियों का भी सम्मान किया जिन्होंने संस्थान को इस स्थान पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भंसाली ने कहा कि "हम चाहेंगे कि इसी तरह बैंक 75वां और 100वां साल भी मनाए" उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रशासन का अनूठा उदाहरण है कि राजेन्द्र गहलोत सहकारिता मंत्री अमित शाह के सपने को पूरा कर रहे हैं। भंसाली ने राजेन्द्र गहलोत और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

Post A Comment:
0 comments: