मुख्य सड़कें और गलियां गंदगी और बदबू से भरी, स्थानीय लोग बीमारी की चपेट में
निवासियों ने जनप्रतिनिधियों से की शिकायत, लेकिन नहीं हुआ समस्या का समाधान
जोधपुर। कुड़ी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सेक्टर 1ए का हाल बेहाल है। यहाँ के निवासी गंदे पानी के कारण नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवेज का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जो स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल रहा है।
आपसी बातचीत में स्थानीय निवासी बताते हैं कि मुख्य सड़क और कॉलोनी के अंदरूनी हिस्सों में सीवेज का गंदा पानी बहे जा रहा है, जिससे पूरा इलाका बदबू और गंदगी से सना हुआ है। सड़कों का उचित लेवल न होने के कारण सीवेज लाइनें बार-बार चोक हो जाती हैं, जिसका नतीजा यह होता है कि गंदा पानी घरों के बाहर जमा हो जाता है।
इस स्थिति के कारण खासकर बुजुर्ग और बच्चे बीमार हो रहे हैं। निवासियों का कहना है कि उन्हें बुखार, उल्टी और दस्त जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी से उत्पन्न मच्छरों ने हालात को और भी खराब कर दिया है। ऐसी स्थिति में लोग अपने घरों में रहना भी पसंद नहीं कर पा रहे हैं।
निवासियों द्वारा जोधपुर दक्षिण नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत की गई है, परंतु उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही। निवासियों की ओर से भोपाल सिंह, शैलेंद्र सिंह चौहान, भगवान राम चौधरी और अन्य ने बताया कि कई बार लिखित में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन या तो शिकायतें अनसुनी रह गईं या फिर ठेकेदार ने बिना काम किए ही शिकायतें बंद कर दीं।
स्थानीय निवासियों ने अपने स्वास्थ्य और स्वच्छ जीवन के लिए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की है। इस मुद्दे को लेकर भंवरलाल चौधरी, देवाराम, अनिल कुमार झा, राजाराम, विशाल पंवार, रेखा देवी, जयश्री, उषा कंवर, संध्यासिंह और गीता शर्मा सहित कई लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
अब देखना यह है कि स्थानीय प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है और निवासियों को कब तक इस समस्या से राहत मिलती है।


Post A Comment:
0 comments: