51 जोड़ों के सर्वजातीय सामूहिक विवाह का होगा आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता की दी शुभकामनाएँ
गायत्री देवी ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
जोधपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने गायत्री देवी ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाले एक विशाल सामूहिक विवाह समारोह के पोस्टर का विमोचन किया। यह "सिया-राम परिणय महोत्सव" नामक कार्यक्रम 1 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 51 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह संपन्न होगा।
गायत्री देवी ट्रस्ट के संस्थापक चंद्रशेखर अरोड़ा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से ट्रस्ट द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराने में सहयोग कर रहा है। वसुंधरा राजे ने पोस्टर विमोचन के अवसर पर कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसके सफल आयोजन की शुभकामनाएँ दीं और ट्रस्ट के इस नेक काम को आगे भी जारी रखने के लिए प्रेरणा प्रदान की। उन्होंने ट्रस्ट के विभिन्न कार्यों की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर भोपाल सिंह जुगल, माली चंद्रशेखर अरोड़ा, नंद किशोर व्यास, प्रहलाद राम गोयल, राजेंद्र माथुर, राजेश भाटिया, संतोष खत्री, अशोक चितारा, करण अरोड़ा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने इस आयोजन को सराहा और इसके सफलता पूर्वक संपन्न होने की कामना की। इस सामूहिक विवाह समारोह से कई गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक करने में मदद मिलेगी।

Post A Comment:
0 comments: