राजस्थान पुलिस प्रमुख ने अपराध दर में गिरावट और नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों की घोषणा की
महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता, आधुनिक तकनीक से अपराध पर अंकुश लगाने का वादा
जोधपुर। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने बुधवार को जोधपुर का दौरा किया, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राज्य में अपराध की स्थिति, नशे की समस्या और महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी शर्मा ने कहा, "राजस्थान में अपराध दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि हम आमजन को एक भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराएं।" उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग आम नागरिकों के सहयोग से अपराध नियंत्रण में सफल हो रहा है और इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
डीजीपी ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रदेशभर में एक व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की। "इस अभियान के तहत कॉलेजों और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके"
महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने कहा, "यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोधपुर सहित पूरे राजस्थान में सुरक्षा इंतज़ाम और अधिक पुख़्ता किए जाएंगे। हम अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का हर संभव प्रयास करेंगे।"
उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान पुलिस लगातार मॉनिटरिंग और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपराध पर अंकुश लगाने में सफल हो रही है। "आने वाले समय में हम इस प्रक्रिया को और भी सख़्ती से लागू करेंगे"

Post A Comment:
0 comments: