‘रक्तदान महादान’ की भावना के साथ छात्रों और फैकल्टीज ने किया 100 यूनिट रक्तदान
प्राचार्य मुकेश तेतरवाल ने रक्तदाताओं का किया आभार व्यक्त
जोधपुर। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय जोधपुर में रविवार को स्थापना दिवस के पूर्व दिवस पर एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ‘रक्तदान महादान’ की भावना को साकार करना था, जिसमें महाविद्यालय के फैकल्टीज और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्राचार्य मुकेश तेतरवाल ने बताया कि इस शिविर में कुल मिलाकर करीब 100 यूनिट रक्तदान किया गया। प्राचार्य के साथ-साथ अन्नम्मा सूमोन, सुरेंद्र चौधरी, अनिल मीना और अन्य रक्तदाताओं ने इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।
रक्तदान शिविर में कई प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया, जिनमें डॉ. बी. एस. जोधा, प्राचार्य एसएन मेडिकल कॉलेज, विजय शर्मा, प्राचार्य जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र, विभिन्न अस्पतालों के नर्सिंग अधिकारी और राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के संरक्षक पीयूष ज्ञानी, अध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेड़तिया, जगदीश जाट, जितेंद्र बङवाल और राजेश बिश्नोई शामिल थे। इन सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और शिविर की सफलता में योगदान दिया।
रक्त संग्रहण का कार्य मथुरा दास माथुर अस्पताल की टीम ने चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतीशा और लैब टेक्नीशियन जगदीश चौधरी के नेतृत्व में संपन्न किया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं और उनके स्वास्थ्य की जांच भी की गई।
प्राचार्य मुकेश तेतरवाल ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की मदद करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे आगे भी रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में भाग लें।

Post A Comment:
0 comments: