नवरात्रा के शुभ अवसर पर जोधपुर विकास प्राधिकरण 
ने नई योजनाओं का किया शुभारंभ, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध

आवेदन की अंतिम तिथियां और लॉटरी की तारीख भी घोषित, आवेदकों को मिलेगा चार दिन का समय दस्तावेज सुधारने के लिए

जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने नवरात्रा के पावन अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना और ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल नगर योजना के लिए आवेदन आमंत्रित करने की घोषणा की है। यह प्रक्रिया मंगलवार, 23 सितंबर 2025 से शुरू होगी।

जोधपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त उत्साह चौधरी के नेतृत्व में यह योजनाएं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पिछले महीने लॉन्च की गई थीं। प्राधिकरण सचिव भागीरथ बिश्नोई ने बताया कि इन योजनाओं के लिए आवेदन पत्र जोधपुर विकास प्राधिकरण पोर्टल joda.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध रहेंगे।

आवेदन पत्रों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2025 है, जबकि ऑनलाइन आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इसके बाद, प्राधिकरण द्वारा इन योजनाओं की लॉटरी 31 अक्टूबर 2025 को आयोजित की जाएगी।

सचिव बिश्नोई ने आगे बताया कि आवेदन पत्रों की जांच के बाद यदि किसी आवेदक के दस्तावेजों में कमी पाई जाती है, तो उसे उसकी आईडी पर सूचित किया जाएगा। आवेदक को कमी पूर्ति के लिए 4 दिन का समय दिया जाएगा। यदि 4 दिन में कमी नहीं पूरी की गई तो आवेदन पत्र जेडीए पोर्टल पर संरक्षित कर दिया जाएगा।

आवेदकों को संबंधित संदेश उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया और ऑनलाइन फॉर्म भरने की विस्तृत जानकारी प्राधिकरण के पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

Post A Comment:

0 comments: