बिजोलाई बालाजी आश्रम में 21 पौधों का रोपण, जैव विविधता को बढ़ावा देने पर जोर
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
जोधपुर। कायलाना तखतसागर की पहाड़ियों के मध्य स्थित प्राचीन बिजोलाई बालाजी मंदिर परिसर में आज एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महामंडलेश्वर सोमेश्वरगिरी महाराज के नेतृत्व में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत 21 पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम में गुरु परिवार के सदस्यों और गुरु जम्भेश्वर वन्यजीव सेवा एवं पर्यावरण विकास संस्थान के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महामंडलेश्वर सोमेश्वरगिरी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि वृक्षारोपण न केवल शुद्ध हवा और ऑक्सीजन प्रदान करता है, बल्कि जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और जल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने वर्तमान प्रदूषण और बढ़ते तापमान को देखते हुए वृक्षारोपण को एक महत्वपूर्ण उपाय बताया जिससे पर्यावरण को संतुलित और स्वस्थ रखा जा सकता है।
गुरु जम्भेश्वर वन्यजीव सेवा एवं पर्यावरण विकास संस्थान के पुखराज खेड़ी ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा देता है, विभिन्न प्रजातियों के जीव-जंतुओं और पौधों को सुरक्षित रखने में मदद करता है। उन्होंने इस अभियान को एक सामुहिक प्रयास बनाने और इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और हरा-भरा पर्यावरण मिल सके।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में रमेश बाबा, सुभाष व्यास, ललित पंवार, जितेंद्र रावल, गगन सोनी, त्रिलोक सिंह, नंदकिशोर मालवीय, अरुण माथुर, सत्यनारायण जोशी, प्रताप सिंह, तेज सिंह, राहुल सिंह सिसोदिया, पं. हेमंत कुमार, श्रीराम और युवराज सिंह सहित कई लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Post A Comment:
0 comments: