विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन जीने का मिला संदेश
आयुर्वेद विश्वविद्यालय के तत्वावधान में हुआ आयोजन
जोधपुर। भवानी आदर्श विद्या मंदिर में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के आंगिक यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नैचुरोपैथी एंड यौगिक साइंसेस के तत्वावधान में एक निःशुल्क योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रभान शर्मा ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें एकाग्रता बढ़ाने, मानसिक एवं शारीरिक विकास हेतु उचित पोषण, आसन-प्राणायाम, जल चिकित्सा एवं त्राटक का अभ्यास कराया गया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को योग, एक्यूप्रेशर, ज्योतिष चिकित्सा, इंफ्रारेड थेरेपी एवं मालिश चिकित्सा जैसे प्राकृतिक उपचारों से परिचित कराते हैं, जो आधुनिक जीवनशैली में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
शिविर में विशेष अतिथि डॉ. गजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा और ज्योतिष आधारित ज्ञान प्रदान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामचंद्र पालीवाल ने कुलगुरु और समस्त टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों को दीर्घकालीन लाभ प्रदान करते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी डॉ. अजीत सिंह चारण, डॉ. हेमलता परिहार, डॉ. भंवर पटेल एवं डॉ. पूजा बडवी सहित बी.एन.वाई.एस. के छात्र-छात्राएं हर्षिता, शिरजन, हितेश एवं तेजपाल सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन बेहद सफल रहा और विद्यार्थियों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Post A Comment:
0 comments: