"एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" थीम पर 1560 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
उप महानिरीक्षक सुधीर हुड्डा ने दी बधाई, कहा- योग जीवनशैली का अहम हिस्सा
जोधपुर। सहायक प्रशिक्षण केंद्र, सीमा सुरक्षा बल, (BSF) ने 21 जून 2025 को शानदार तरीके से 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम की थीम थी "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" (Yoga for one earth, one health)। आयुष मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में 1560 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक सुधीर हुड्डा (सीमांत मुख्यालय, सीसुब राजस्थान), कमांडेंट देवेन्द्र सिंह (मुख्य अनुदेशक, सहायक प्रशिक्षण केंद्र, सीसुब जोधपुर), अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, अन्य कार्मिक, प्रशिक्षणार्थी नव-आरक्षक, संस्थान की महिला कर्मचारी, बच्चे और जोधपुर के आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सहायक प्रशिक्षण केंद्र के योगा अनुदेशकों के साथ योग अलयांस सोसाइटी, जोधपुर के योग प्रशिक्षकों ने योगाभ्यास कराया। योगाभ्यास के बाद योग अलयांस सोसाइटी के बच्चों ने कलात्मक योग का मनमोहक प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सुधीर हुड्डा ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और यह पूरी दुनिया की जीवनशैली का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल के जवानों के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह उनकी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बन चुका है। नियमित योग से मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का बेहतर रखरखाव संभव है। उन्होंने सभी को स्वयं और समाज में योग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
Post A Comment:
0 comments: