60 लाख की शराब जब्त, एक गिरफ्तार
जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 830 कार्टून अवैध शराब से भरा ट्रक किया जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार
पंजाब से आई थी शराब, बड़ी तस्करी का खुलासा
जोधपुर। जिले के ओसियां थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने 830 कार्टून अवैध शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पंजाब से लाई गई इस शराब की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
ग्रामीण एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि ओसियां थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका। ड्राइवर ने ट्रक में आलू के कट्टे होने का दावा किया, लेकिन पुलिस को शक हुआ और ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के अंदर 830 कार्टून अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशोर कुमार पुत्र चूनाराम जाट, निवासी दीनगढ़ आलमसर, थाना धनाऊ, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में ओसियां थानाधिकारी राजेंद्र चौधरी, एएसआई सुरतान सिंह, सही राम, और कई अन्य कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस ने इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश शुरू कर दी है और शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

Post A Comment:
0 comments: