जोधपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.40 करोड़ रुपये का डोडा चूरा जब्त
मिशन संकल्प के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के साथ संयुक्त अभियान में 931.80 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद
लूणी-उनियारा रोड पर हुई कार्रवाई, आरोपियों की तलाश जारी
जोधपुर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए जोधपुर पश्चिम पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मिशन संकल्प के तहत, जिला पुलिस ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CNB) के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 931.800 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। इस डोडा चूरे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम, राजर्षि राज द्वारा शुरू किया गया "मिशन संकल्प" अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर केंद्रित है। इस मिशन को और मजबूत बनाने के लिए, पुलिस उपायुक्त विभिन्न नारकोटिक्स एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, राजस्थान के नरेश बुन्देल, आई.आर.एस., की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
यह संयुक्त अभियान पुलिस थाना भगत की कोठी, पुलिस थाना लूणी और केंद्रीय नारकोटिक्स टीम द्वारा 4 फरवरी, 2025 को लूणी-उनियारा रोड पर स्थित गांव फिंच (पुलिस थाना लूणी, जिला जोधपुर पश्चिम) में किया गया। 47 बोरों में भरा हुआ यह डोडा चूरा एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8/25 के तहत जब्त किया गया है और इस संबंध में प्रकरण संख्या 3/25 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच नारकोटिक्स विभाग द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उनके नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन जांच जारी है। जिला पुलिस जोधपुर पश्चिम ने इस तरह की कठोर कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रखने का भरोसा दिलाया है।
Post A Comment:
0 comments: