लोहार कॉलोनी में प्रॉपर्टी विवाद हुआ हिंसक, पथराव में 5 घायल, 12 गिरफ्तार
हाईकोर्ट के फैसले के बाद भड़का विवाद, एक ही जाति के दो गुटों में हुई जमकर झड़प
पावटा में तनाव का माहौल, पुलिस ने अतिरिक्त बल किया तैनात
जोधपुर। पावटा क्षेत्र स्थित लोहार कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही जाति के दो गुटों के बीच लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद ने उस वक़्त भयावह रूप ले लिया जब हाईकोर्ट के फैसले के बाद एक पक्ष के व्यक्ति ने विवादित दुकान खोलने का प्रयास किया। इससे दूसरे पक्ष में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
मामला कुछ ही देर में इतना बिगड़ गया कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। इस हिंसक झड़प में पाँच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही महामंदिर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दोनों पक्षों के बारह लोगों को गिरफ़्तार किया है। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पावटा चौराहे के पास हुई इस अचानक घटना ने वहां मौजूद लोगों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी सकते में डाल दिया। घटना के दौरान महिलाएं भी झगड़े में शामिल थीं और पुलिस से बहस करती नज़र आईं। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोहार कॉलोनी में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Post A Comment:
0 comments: