24 जनवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय वाहन चालक दिवस
वाहनों के संघों ने लिया ऐतिहासिक फैसला, देश की प्रगति में अहम योगदान देने वाले वाहन चालकों को मिलेगा सम्मान
जोधपुर। बस एवं कार आपरेटर कोनफिडरेशन ऑफ़ इंडिया (BOCI), ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) और एसोसिएशन ऑफ़ स्टेट ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिग (ASRTU) की संयुक्त बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। हर साल 24 जनवरी को "राष्ट्रीय वाहन चालक दिवस" के रूप में मनाया जाएगा।
यह निर्णय देश के लाखों वाहन चालकों के अथक परिश्रम और समर्पण को मान्यता देने के लिए लिया गया है। इन चालकों द्वारा प्रतिदिन करोड़ों यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाने और देश के लगभग 70% माल के परिवहन का जिम्मा निभाया जाता है। अपनी कठिन परिस्थितियों और जोखिम भरे काम के बावजूद, इनके योगदान को अक्सर नज़रअंदाज़ किया जाता रहा है।
तीनों संगठनों ने संयुक्त रूप से इस बात पर ज़ोर दिया कि वाहन चालक देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके काम की सराहना करना बेहद ज़रूरी है। इसलिए, हर साल 24 जनवरी को उन्हें सम्मानित किया जाएगा और उनके कार्य की सराहना की जाएगी। इस दिन सभी वाहन व्यवसाय से जुड़े लोग चालकों को सम्मानित करेंगे और उन्हें प्रोत्साहित करेंगे।
इसके अलावा, इन संगठनों ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि सभी सार्वजनिक परिवहन चालकों, चाहे वे निजी क्षेत्र में कार्यरत हों या सरकारी उपक्रम में, उन सभी के लिए पाँच लाख रुपये (5,00,000/-) का बीमा किया जाए। आने वाले समय में चालकों के लिए और भी सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है।
राजस्थान सहित पूरे देश में सभी वाहन व्यवसायी अपने-अपने स्तर पर 24 जनवरी को चालकों को सम्मानित करेंगे।
जगदेव सिंह, चेयरमैन, बस एवं कार आपरेटर कोनफिडरेशन ऑफ़ इंडिया (BOCI) ने इस ऐतिहासिक निर्णय की घोषणा की और सभी वाहन चालकों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह दिन वाहन चालकों के प्रति सम्मान और उनके कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अन्य खबरें...
Post A Comment:
0 comments: