जोधपुर का दर्दनाक कांड: पार्टनरशिप टूटने से आक्रोशित बिजनेसमैन ने ली 2 मासूमों की जान

70 वर्षीय श्याम सिंह ने पार्टनर के बच्चों को फंदे से लटकाया, सुसाइड नोट छोड़कर हुआ फरार; मां का हाल बेहाल

बोरानाडा थाना क्षेत्र में हुई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

जोधपुर। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है। एक बिजनेसमैन ने अपने पार्टनर के दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी और खुद फरार हो गया। घटना रविवार सुबह बोरानाडा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहाँ 70 वर्षीय श्याम सिंह भाटी नामक एक बुजुर्ग बिजनेसमैन ने अपने पार्टनर प्रदीप देवासी के 12 साल की तमन्ना (उर्फ तन्नु) और 8 साल के शिवपाल नामक बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। दोनों बच्चों के शव श्याम सिंह के किराये के मकान में फंदे से लटके मिले।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें श्याम सिंह ने पार्टनरशिप में हुए धोखे का जिक्र करते हुए बच्चों की हत्या की बात कबूली है और आत्महत्या करने की बात लिखी है। यह नोट पुलिस जांच का मुख्य आधार है।

बच्चों की मां इस घटना से बुरी तरह टूट गई है और बदहवास हालत में है। घटना का पता तब चला जब बच्चों के परिजन उन्हें शुक्रवार से लापता ढूंढ रहे थे। शुक्रवार को स्कूल जाने के बाद बच्चे घर नहीं लौटे थे। परिजनों ने शनिवार को बोरानाडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार सुबह बच्चों के शव मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

डीसीपी ईस्ट राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि श्याम सिंह और प्रदीप देवासी ने 9 महीने पहले चूड़ी के कारखाने में पार्टनरशिप शुरू की थी। कुछ समय बाद प्रदीप ने पार्टनरशिप तोड़ दी थी। जिससे श्याम सिंह को काफी नुकसान हुआ और वह प्रदीप के परिवार से रंजिश रखने लगा। वह कारोबार में हुए नुकसान से काफी परेशान था।

श्याम सिंह ने बच्चों को स्कूल से ले जाने के बहाने अपने साथ ले जाकर अपनी फैक्ट्री के पास स्थित किराए के मकान में उनकी हत्या कर दी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि श्याम सिंह सामान्यत: सरल स्वभाव का था, लेकिन हाल के दिनों में वह कारोबार में हुए नुकसान के कारण काफी चिंतित था। उसकी फैक्ट्री भी पिछले तीन दिनों से बंद थी।

पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं और एफएसएल टीम ने भी जांच की है। दोनों बच्चों के शव एम्स जोधपुर की मॉर्च्युरी में रखवा दिए गए हैं। पुलिस आरोपी श्याम सिंह भाटी की तलाश में जुटी हुई है। प्रदीप देवासी का परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और बोरानाडा के इंडस्ट्रियल एरिया में रहता है। श्याम सिंह फलोदी का रहने वाला था और जोधपुर में किराये पर रह रहा था। यह घटना जोधपुर के लिए एक बड़ा झटका है और पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Post A Comment:

0 comments: