थईयात गांव के पास हुई घटना में 57 यात्री थे सवार, राहत कार्य जारी
बस में आग लगने से मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने की मदद
जैसलमेर। मंगलवार दोपहर को जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। यह हादसा थईयात गांव के पास हुआ, जहां बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 10 से 12 यात्री झुलस गए हैं। बस में कुल 57 लोग सवार थे। घटना के समय बस लगभग दोपहर 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। जब बस थईयात गांव के पास पहुंची, तभी अचानक धुआं उठने लगा और आग तेजी से फैल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। झुलसे यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
जिला प्रशासन जैसलमेर की ओर से आवश्यक सूचना
जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में आज अचानक आग लग जाने की दुःखद घटना सामने आई है। जिला प्रशासन घटना की जानकारी मिलते ही सक्रिय हो गया है तथा राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की सहायता में जुटी हुई हैं।
जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायलों का श्री जवाहिर चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा तत्परता से उपचार किया जा रहा है।
जनता से अपील की जाती है कि इस घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता हेतु निम्न हेल्प लाइन नंबरों पर संपर्क करें - 9414801400, 8003101400, 02992-252201, 02992-255055 जिला प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है एवं आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।


Post A Comment:
0 comments: