नर्सेज एसोसिएशन ने पदोन्नति, भर्ती और वेतन संबंधी मुद्दों को लेकर उठाई आवाज
नर्सेज की समस्याओं का समाधान न होने पर संगठन ने किया कड़ा विरोध
जोधपुर। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेड़तिया ने बताया कि नर्सेज की विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु उन्होंने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में नर्सेज की प्रमुख समस्याओं को उजागर किया गया है, जिनका समाधान शीघ्रता से करने की मांग की गई है।
मेड़तिया ने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा 2022 में नर्सेज के पद नामों में बदलाव किया गया था, लेकिन कई सरकारी साइट्स, जैसे IFMS 3.0, पर अभी भी पुराने पद नाम ही दर्शाए जा रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सरकार से अनुरोध किया कि इन पद नामों को सही किया जाए।
इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश नर्सेज केवल एक पदोन्नति पाकर सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि पदोन्नत पद काफी समय से रिक्त पड़े हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्ष में दो बार डीपीसी (डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी) का आयोजन किया जाए ताकि नर्सेज को उचित पदोन्नति का लाभ मिल सके।
मेड़तिया ने आगे कहा कि नर्सेज के 8000 पदों पर मेरिट और बोनस अंकों के आधार पर भर्ती निकाली जाए, जिससे यूटीवी एवं निविदा पर कार्यरत अनुभवी नर्सेज को लाभ मिल सके। उन्होंने संगठन की ओर से निविदा पर नर्सेज भर्ती लेने का विरोध करते हुए कहा कि ठेका प्रथा समाप्त की जाए। पूर्व में निविदा के आधार पर कार्यरत नर्सेज को समान पद, समान कार्य के साथ समान वेतन का लाभ देते हुए उनका 37,600 वेतन दिया जाए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पतालों में कार्यभार बहुत अधिक है और नए विभाग खोले जा रहे हैं, लेकिन उनके अनुरूप पद स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं। इसलिए जोधपुर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित विभिन्न अस्पतालों में नर्सेज के नए पद सृजित किए जाने की आवश्यकता है।
मेड़तिया ने कहा कि ये सभी जायज मांगें काफी समय से लंबित हैं और सरकार से अपेक्षा की जाती है कि सरकार द्वारा इनका शीघ्र निराकरण किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल में राजु सिंह राजपुरोहित, गोपाल व्यास, बसंत रायल, अर्चना अग्रवाल, सैयद इमरान, नृसिंह परिहार, लिला भाटी, सुरेंद्र सिंह पवार, नन्दलाल, सुर्या चौधरी, घनश्याम राजपुरोहित, किशन दादलिया, बस्ती राम, राहुल सिंह राजपुरोहित, पर्वत सिंह, विरेन्द्र सिंह, घनश्याम मेड़तिया, मनोज, दिपीका, सत्यनारायण शर्मा सहित कई नर्सेज उपस्थित रहे।

Post A Comment:
0 comments: