पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था, प्रदर्शनकारियों ने की पोस्टमार्टम की मांग
आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर किया विरोध, पुलिस ने समझाकर समाप्त कराया धरना
जोधपुर। शहर के भीतरी क्षेत्र व्यास पार्क के पास मंगलवार को एक गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब स्थानीय निवासियों ने बछड़े के सिर को देखा तो उनकी भावनाएं भड़क गईं। इस घटना की सूचना मिलते ही एसीपी मंगलेश कुमारी चुड़ावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े रहे।
करीब दो घंटे तक तनाव और वार्ता के बाद, पुलिस की समझाइश पर धरना समाप्त कराया गया। इसके बाद गाय के बछड़े के शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस प्रकार की घटनाएं जानवरों के प्रति क्रूरता को दर्शाती हैं और उन्हें रोकने की आवश्यकता है।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की गंभीरता से जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Post A Comment:
0 comments: