जोधपुर में गौरव पथ पर स्थापित होगी तीनों क्रांतिकारियों की संयुक्त प्रतिमा
28 सितंबर को भगत सिंह के जन्मदिन पर होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
जोधपुर। शहर में एक ऐतिहासिक निर्णय को लेकर वंदे भारत सेवा संस्थान ने खुशी जाहिर की है। राज्य सरकार के गौरव पथ पर स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा के पास उनके क्रांतिकारी साथियों, शहीद-ए-आजम सुखदेव और शहीद-ए- आजम राजगुरु की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। इस ऐलान के बाद आज वंदे भारत सेवा संस्थान के सदस्यों ने जोधपुर शहर के विधायक अतुल भंसाली और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
संस्थान के सचिव, नरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि, "कई वर्षों से वंदे भारत सेवा संस्थान इस मुहिम को चला रहा था कि देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे को गले लगाने वाले इन तीनों वीरों की प्रतिमाएं एक साथ स्थापित होनी चाहिए।" उन्होंने विधायक भंसाली के प्रयासों को सराहा और बताया कि उनके अथक प्रयासों से ही ये संभव हो पाया है।
विधायक अतुल भंसाली ने बताया कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्मदिन, 28 सितंबर को, इस कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। वंदे भारत सेवा संस्थान के संरक्षक सुरेश डोसी ने जोधपुर शहर विधायक, राजस्थान सरकार और जोधपुर विकास प्राधिकरण का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कई समाज सेवी और संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे जिनमे जगदीश गांधी, उमेश लीला, दीपक माहेश्वरी, रविंद्र जांगिड़, डॉ राकेश वशिष्ठ, गौतम कटारिया, खुश सिंघवी, सुनील गौड़, कुलदीप सिंह खींची और अर्जुन सुथार शामिल थे। यह निर्णय जोधपुरवासियों के लिए गर्व का विषय है और शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

Post A Comment:
0 comments: