उमेद स्टेडियम क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी, कोई घायल नहीं
जोधपुर में फिर बढ़ी अपराध की घटनाएं, पुलिस अलर्ट
जोधपुर। शहर एक बार फिर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से दहल गया। शनिवार को उमेद स्टेडियम के पास टाटिया गैंग और एनसीआर गैंग के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पथराव और फायरिंग की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाबू नामक व्यक्ति ने चांद और सोहिल उर्फ बंटी पर 2-3 राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस को सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों गैंगों से जुड़े युवकों की तलाश शुरू कर दी। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह फायरिंग पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी अमित जैन स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश लगातार अपडेट ले रहे हैं।
यह इस सप्ताह की दूसरी फायरिंग की घटना है। इससे पहले महामंदिर और उदय मंदिर क्षेत्र में भी ऐसी ही घटनाएं हुई थीं। स्टेडियम क्षेत्र पहले से ही अपराधियों की गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है, जहाँ सट्टेबाजी और अन्य अपराध आम हैं। कुछ वर्ष पहले यहां गुंडों की परेड भी कराई गई थी, लेकिन अपराधी फिर से सक्रिय हो गए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Post A Comment:
0 comments: