केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा- तनाव भरे वातावरण में प्रतिदिन योगाभ्यास जरूरी, बारिश में भीगते हुए लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

मेहरानगढ़ के अलावा मंडोर उद्यान और सम्राट अशोक उद्यान में भी हुए योग कार्यक्रम, हजारों लोगों ने लिया भाग, 'एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग' रही थीम

जोधपुरशहर में आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक योग" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में इन्द्रदेव की कृपा से हुई बारिश ने भी योगियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आने दी। जोधपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित जिला स्तरीय समारोहों में हजारों लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।

मेहरानगढ़ दुर्ग:

केन्द्रीय कला-संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में मेहरानगढ़ दुर्ग की तलहटी में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ महर्षि पतंजलि की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश के बाद योग प्रोटोकॉल का पालन किया गया। शहर विधायक अतुल भंसाली विशिष्ट अतिथि थे। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज कुमार ने औषधीय पादप देकर अतिथियों का स्वागत किया। जिला नोडल अधिकारी डा. शरीफ़ खां ने बताया कि बरसात के बीच विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता ने सामूहिक योगाभ्यास किया। डा. गोपाल नारायण शर्मा और डा. रामलाल चौधरी के निर्देशन में ममता पटेल, प्रियदर्शनी कल्ला, उपेन्द्र और सुमन दाधीच जैसे मुख्य योग प्रदर्शकों ने  योग की सुंदर प्रस्तुति दी। यहाँ लगभग 2300 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में प्रतिदिन योगाभ्यास करना अत्यंत आवश्यक है।

मण्डोर उद्यान:

मण्डोर उद्यान में आयोजित जिला स्तरीय योग समारोह में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कच्छवाहा मुख्य अतिथि और महापौर वनिता सेठ विशिष्ट अतिथि थीं।  समारोह प्रभारी डा. सीमा कच्छवाहा ने बताया कि डा. कृष्ण गोपाल शर्मा के निर्देशन में राजपाल सिंह, मनीषा, प्रीति और मोहित ने योग प्रदर्शन किया। यहाँ लगभग 1000 लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया।

सम्राट अशोक उद्यान:

तीसरे जिला स्तरीय योग समारोह का आयोजन सम्राट अशोक उद्यान में हुआ जहाँ सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी मुख्य अतिथि थे। कृषि मंडी के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र मेघवाल विशिष्ट अतिथि थे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर जवाहर चौधरी भी उपस्थित थे। नोडल अधिकारी डा. नवनीत दाधीच और सहायक नोडल अधिकारी डा. विक्रम गोपाल ने बताया कि डा. दीपा जोशी के संचालन में उम्मेद कंवर, प्रीति खोखर, गजेन्द्र सिंह और रजनी ने योग प्रदर्शन किया। मुक्ता माथुर द्वारा संचालित मोहिनी योग संस्थान ने भी योग समारोह में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यहाँ लगभग 2200 लोगों ने योगाभ्यास किया।

Post A Comment:

0 comments: