Western Rajasthan Industries Handicraft Festival: Children showed enthusiasm in Geeta Bal Sanskar. पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव-2025

पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव: बच्चों ने गीता बाल संस्कार में दिखाया उत्साह

रामलीला मैदान में आयोजित उत्सव में बच्चों ने मोबाइल-टीवी से दूर धार्मिक वातावरण में बिताया समय

कल शतरंज प्रतियोगिता में होगा रोमांचक मुकाबला

जोधपुरशहर के रामलीला मैदान में जारी पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में शनिवार को एक अनूठा आयोजन हुआ। उत्सव के तहत आयोजित "गीता बाल संस्कार" कार्यक्रम में 60 से अधिक बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और अपने उत्साह से सभी को मोहित कर दिया। यह कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति और सभ्यता से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास था, जो आजकल मोबाइल और टीवी के सामने बिताए अधिक समय के कारण संस्कारों से दूर होते जा रहे बच्चों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

मेला समन्वयक महावीर चौपड़ा ने बताया कि मेले में प्रतिदिन महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रतिभागी बड़े उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। महिला इकाई अध्यक्ष मोना हरवानी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, "आजकल बच्चे ज्यादातर समय मोबाइल और टीवी पर बिताते हैं, जिससे वे संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। लघु उद्योग भारती का यह प्रयास इन बच्चों को हमारे समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद करेगा।"

कार्यक्रम को-ऑर्डिनेटर नंदिनी बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्यमी एवं अखिल भारतीय पश्चिमी राजस्थान अग्रवाल समाज के अध्यक्ष उमेश लीला और सुमित्रा लीला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। धनेश सोनी के मार्गदर्शन में बच्चों ने संगीतमय गीता पाठ की बेहतरीन प्रस्तुति दी। उन्होंने मंगलाचरण, नित्य पठनीय श्लोक और नियमों के श्लोकों का उच्चारण किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। 'हरे रामा हरे कृष्णा' कीर्तन से समूचा माहौल आध्यात्मिक हो गया। बच्चों ने नित्य नियमों का पालन भी करके दिखाया।

कार्यक्रम में मंजू सारस्वत, बिंदु जैन, मीनू दूगड़, इंदु बाला अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, मनीषा शर्मा, निधि सिंह, सुधा गर्ग, स्वाति शर्मा, अरुणा राठी, संगीता माथुर, उमा अग्रवाल सहित लघु उद्योग भारती महिला इकाई की कई सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन एंकर आशीष पुरोहित ने किया।

कल का रोमांच:

पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव के तहत रविवार को दो अलग-अलग आयु वर्गों में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और एक-दूसरे को 'शह और मात' देने का प्रयास करेंगे। यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।


अन्य खबरें...


Post A Comment:

0 comments: